उत्तर प्रदेश समाचारपूर्वांचलराज्य

जल जीवन मिशन: 263 में सिर्फ 61 ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा

जिलाधिकारी ने की समीक्षा, संबंधित जिम्मेदारों को दी चेतावनी

भदोही (संजय सिंह). जनपद में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की परियोजनाओं की समीक्षा में कार्यों की धीमी रफ्तार पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सामने आया कि 263 प्रस्तावित ओवरहेड पानी टंकियों के सापेक्ष अब तक केवल 61 का निर्माण पूरा हो सका है, जिसे बेहद असंतोषजनक प्रगति माना गया।

बैठक में शैलेष कुमार ने कार्यदायी संस्था वेलस्पन की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित न होने पर जवाबदेही तय की जाएगी।

समीक्षा में विभिन्न ग्राम पंचायतों—गोपीपुर, मवैया, हरदो पट्टी, पूरे विश्वनाथ, सीकी चौरा और चकबसुही—में लंबित विद्युत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए, जबकि अमवा खुर्द, अनेगपुर, नथईपुर और खेमईपुर में पावर ग्रिड कनेक्शन उपलब्ध कराने को प्राथमिकता में रखा गया।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन टंकियों और पाइपलाइन कार्यों की प्रगति तेज करने के लिए नामित अधिकारियों से नियमित स्थलीय निरीक्षण, जियो-टैग्ड फोटो के साथ प्रगति रिपोर्ट और मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही “हर घर जल” के अंतर्गत शत-प्रतिशत सत्यापन समयसीमा में पूरा करने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि जलापूर्ति से जुड़ी योजनाओं की निगरानी के लिए ‘जल सारथी’ मोबाइल ऐप उपलब्ध है, जिसके माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यों की स्थिति देखी जा सकती है। गर्मी को देखते हुए किसी भी गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित न होने देने के निर्देश भी दिए गए।

जिला स्वच्छता समिति की समीक्षा में रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के संचालन, कचरा प्रबंधन और अपशिष्ट निस्तारण की गुणवत्ता पर भी जोर दिया गया। बाल गोविंद शुक्ला ने संबंधित विभागों को लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

प्रशासन ने दोहराया कि “हर घर जल” लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button