जयंती पर याद किए गए पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती शनिवार को “राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना दिवस” के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। अखिल भारतीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति के तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित फायर ब्रिगेड चौराहा पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत बहुगुणा के पुत्र शेखर बहुगुणा, पुत्रवधू विनीता बहुगुणा और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम और उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुगुणा के योगदान को रेखांकित किया। शेखर बहुगुणा जी ने कहा की पिता जी हमेशा कमजोर वर्ग को जोड़ने का कार्य करते रहे थे एवं सम्पूर्ण भारत वर्ष को एकसूत्र में पिरोने का कार्य किया।

अन्य वक्ताओं ने कहा, बहुगुणा ने अपने सार्वजनिक जीवन में सामाजिक समरसता, कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता को प्राथमिकता दी, जो आज भी प्रासंगिक है।
सभा में पूर्व सांसद रमेश द्विवेदी, पूर्व विधान परिषद सदस्य सुरेश त्रिपाठी, भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन जनसहभागिता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा।



