अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

नीबी में 10 दिन से बिजली संकट, 12 घंटे कटौती पर बढ़ रहा रोष

भाजपा नेता की शिकायत पर एसडीएम ने जेई को दिया आदेश, जल्द बदला जाए ट्रांसफार्मर

प्रयागराज (आलोक गुप्ता).  प्रयागराज के बारा तहसील के नीबी (लोहगरा बाजार) गांव में लगातार 10 दिनों से बिजली व्यवस्था ध्वस्त होने और 12-12 घंटे की कटौती से हालात गंभीर हो गए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बारा ने बिजली विभाग पर सख्ती दिखाते हुए जांच और त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं।

भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अखिलेश कुमार दुबे ने एसडीएम को दी लिखित शिकायत में बताया कि लोहगरा बाजार के पंचायत भवन के पास लगा ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहा है। कई बार इसमें चिंगारी और आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से कई बार बिजली चालू कराई, लेकिन ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर जल्द ही जवाब दे देता है।

शिकायत में यह भी आरोप है कि रात्रि में आपूर्ति बाधित होने पर संबंधित जेई फोन तक नहीं उठाते, जिससे विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों में नाराजगी बढ़ी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने बिजली विभाग के एसडीओ को तत्काल जांच कराने, जर्जर ट्रांसफार्मर बदलने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करने को कहा गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित है—किसान, व्यापारी और आम लोग परेशान हैं। चेतावनी दी गई है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button