20 मार्च को शंकरगढ़ में सजेगा रंग, रस और राग का महाकुंभ

होली मिलन में कवियों की गूंज और कलाकारों का होगा धमाल
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). होली के अवसर पर शंकरगढ़ में इस बार रंगों के साथ सांस्कृतिक सरगर्मी का भी भव्य आयोजन होने जा रहा है। 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को केसरवानी धर्मशाला, शंकरगढ़ में होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कविता, संगीत और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

“होली के रंग, कवियों के संग” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि, कलाकार और व्यापारी अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत करेंगे। आयोजन की शुरुआत शाम 4 बजे कवि सम्मेलन से होगी, जिसमें हास्य, व्यंग्य और श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत की जाएंगी। इसके बाद 5 से 7 बजे तक अतिथियों के संबोधन और विचार होंगे, जबकि 7 से 8 बजे तक सम्मान समारोह आयोजित कर विशिष्ट जनों को सम्मानित किया जाएगा।
रात्रि 9 बजे से सुबह 6 बजे तक जवाबी कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें भक्ति और लोकसंस्कृति की छटा बिखरेगी। कार्यक्रम के संयोजक सुरेश भाई (ओम शांति) ने बताया कि महिला कलाकार चेतना आजाद (गोंडा, बहराइच) और लोकप्रिय कलाकार राजू रंगीला (रायबरेली) अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को आकर्षित करेंगे।
आयोजन के संरक्षक राजा महेंद्र प्रताप सिंह हैं, जबकि अध्यक्षता ब्रह्मकुमारी दीदी मनोरमा जी करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में महापौर गणेश केसरवानी और बारा विधायक डॉ. वाचस्पति जी उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर संतोष पनामा और सतीश केसरवानी भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
आयोजन की कमान सुरेश भाई (ओम शांति) के हाथों में है। आयोजक ने नगरवासियों और व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

