नवसारी में भीषण सड़क हादसा, नौ यात्रियों की मौत, पीएम ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
नई दिल्ली (the live ink desk). शनिवार को गुजरात के नवसारी (Navsari) जिले में सुबह बस और कार की टक्कर (road accident) में नौ लोगों की मृत्यु हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा नवसारी में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे (Mumbai-Ahmedabad Highway) पर हुआ है।
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए नवसारी के डिप्टी एसपी वीएन पटेल ने मीडिया को बताया कि अहमदाबाद मुंबई हाईवे पर एक बस और कार की टक्कर हो गई, जिसमें नौ लोगों की मृत्यु हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को सूरत भेजा गया है।
यह भी पढ़ेंः हीरा बेन पंचतत्व में विलीनः प्रधानमंत्री ने निभाया पुत्र धर्म, दी मुखाग्नि
यह भी पढ़ेंः पर्यटन विभाग की पहलः आइडिया दीजिए और महाकुंभ का हिस्सा बनिए
देश के गृहमंत्री अमित शाह ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा है कि नवसारी में हुई सड़क दुर्घटना दुखदाई है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। गृह मंत्री ने लिखा है, भगवान उन्हें इस पीड़ा से निकलने की शक्ति प्रदान करे। स्थानीय प्रशासन घायलों का इलाज करवाने में लगा हुआ है। उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना।
प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से भी ट्वीटकर हादसे पर दुख व्यक्त किया गया है। प्रधानमंत्री की तरफ से किए गए ट्वीट में घटना में काल कवलित हुए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है, साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सहायता कोष से सहायता की भी घोषणा की गई है। पीएमओ के मुताबिक मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।



