उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलभारतराज्य

हिमाचल में मौसम का कहर जारी, ताजा बर्फबारी से बढ़ी ठंड

The live ink desk. हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर कड़ा रुख दिखाया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से ठंड में इजाफा हुआ है, जबकि शिमला, मनाली और आसपास के निचले इलाकों में बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान भारी बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी

बीती रात लाहौल-स्पीति के गोंदला, कुकुमसेरी, केलंग और हंसा में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अलावा किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फ गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में आवाजाही पर भी असर पड़ा है और ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

18 से 20 मार्च तक रहेगा मौसम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च के बीच मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। 20 मार्च को येलो अलर्ट रहेगा, जबकि 22 से 24 मार्च के बीच भी मौसम खराब बना रहने का अनुमान है, हालांकि इन दिनों के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

अटल टनल क्षेत्र में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

भारी बर्फबारी के कारण कुल्लू-लाहौल क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण हो गए थे। अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल, सिस्सू और आसपास करीब 2 हजार वाहन फंस गए थे। पुलिस, बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) और प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। 15 मार्च से शुरू हुआ यह अभियान 17 मार्च की शाम तक चला, जिसमें 10 हजार से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकालकर मनाली पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

प्रशासन की एडवाइजरी, सतर्क रहें

प्रशासन ने आगामी दिनों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचने, आवश्यक होने पर 4×4 वाहनों का उपयोग करने, वाहनों में स्नो चेन रखने और पर्याप्त गर्म कपड़े व जरूरी सामान साथ रखने को कहा गया है। कुल्लू पुलिस और प्रशासन ने सभी से एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

तापमान में तेज गिरावट दर्ज

राज्य में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मनाली में 3.1, कल्पा में 0.9 और कुकुमसेरी में -1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button