शादी में आई किशोरी से छेड़खानी, बेहोशी हालत में ले जाया गया अस्पताल

पुलिस ने पीड़िता के जीजा के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). वैवाहिक समारोह में शामिल होने मऊ से आई किशोरी के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना यमुनानगर के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र की है। बताया जाता है कि मंगलवार को दोपहर किशोरी बेसुध अवस्था में पाई गई। इस पर परिजन उसे लेकर सीएचसी शंकरगढ़ पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इस मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने पीड़िता के जीजा के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक मऊ जनपद के नई गढ़ी, कटरा (किठवा) निवासी एक परिवार वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए शंकरगढ़ के कसौटा गांव आया था। सोमवार की रात वैवाहिक समारोह था। रातभर की थकान के बाद मंगलवार को घर केसदस्य व रिश्तेदार इधर-उधर आराम कर रहे थे।
इसी दौरान दोपहर के वक्त कुछ लोगों ने घर के परिसर में ही मऊ, नई गढ़ी से आई 15 वर्षीय किशोरी को बेहोशी की हालत में देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों की आहट पर वहां मौजूद कुछ लोग भाग निकले। इसके बाद लोग किशोरी को लेकर सीएचसी शंकरगढ़ पहुंचे।
जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। होश में आने पर किशोरी ने घटना की जानकारी दी। इस मामले में इंस्पेक्टर सुशील कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने छानबीन की और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में पीड़िता के जीजा को नामजद किया गया है। मामले की जांच जारी है।