अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

प्रतापगढ़ कलेक्ट्रेटः अवैध कब्जाधारकों को सात दिन का अल्टीमेटम

गलत पार्किंग पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). प्रतापगढ़ के कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अवैध कब्जों और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट शिव सहाय अवस्थी ने 7 दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि तय समय के बाद बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा।

डीएम के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में राजकीय भवनों, शौचालयों के सेप्टिक टैंक, नवनिर्मित वादकारी शेड, पार्किंग स्थलों, बाउंड्री व अन्य स्थानों पर अनधिकृत रूप से छाजन, गुमटियां और अस्थायी ढांचे लगाकर कब्जा कर लिया गया है। इसके साथ ही रास्तों में अवैध पार्किंग के कारण मार्ग संकरा या अवरुद्ध हो रहा है, जिससे वादकारियों और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने कहा कि अब तक इन अतिक्रमणों को हटाने में लापरवाही बरती गई, जो गंभीर और चिंताजनक है। इसलिए सभी कब्जाधारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वेच्छा से 7 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाकर स्थल खाली करें, अन्यथा प्रशासनिक टीम कार्रवाई करेगी और कानूनी दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

इसके अलावा वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि वे वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, अन्यथा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी।

डीएम ने आमजन से अपील की है कि वे कलेक्ट्रेट परिसर की स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button