पोषण मिशनः BHND में बरती लापरवाही, CDPO भदोही और औराई को नोटिस

ऐप फीडिंग से लेकर ‘हॉट कुक्ड मील’ तक डीएम की टाइम-बाउंड रणनीति
भदोही (संजय सिंह). कुपोषण के खिलाफ जमीनी लड़ाई को तेज करने के लिए जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक में स्पष्ट संदेश दिया—अब हर गतिविधि “समय-सीमा और डेटा” के आधार पर नापी जाएगी। 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के वजन, गृह भ्रमण और CBE (कम्युनिटी बेस्ड इवेंट) की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से पोषण ट्रैकर ऐप पर समय से फीड करने के निर्देश दिए गए, ताकि वास्तविक प्रगति का रियल-टाइम आकलन हो सके।
बैठक में पाया गया कि सभी विकास खंडों में बीएचएनडी (Village Health, Sanitation & Nutrition Day) सत्र शत-प्रतिशत आयोजित नहीं हो रहे हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीडीपीओ भदोही और औराई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जबकि कार्य में शिथिलता पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को फटकार लगाई गई। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी सीडीपीओ की नियमित मॉनिटरिंग हो और पोषण आहार का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आहार की उपलब्धता में बाधा न आए इसके लिए मांग-पत्र समय से शासन को भेजने पर जोर दिया गया।
कुपोषित बच्चों के प्रबंधन पर विशेष फोकस करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश मिला कि SAM/MAM (गंभीर/मध्यम कुपोषण) श्रेणी के बच्चों का 100% चिन्हांकन कर उन्हें शीघ्र सामान्य श्रेणी में लाने की कार्ययोजना लागू करें। तय रोस्टर के अनुसार ऐसे बच्चों को NRC (Nutrition Rehabilitation Centre) में भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर हॉट कुक्ड मील योजना के तहत मेन्यू के अनुरूप बच्चों को गरम भोजन उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत दी गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि गर्भवती महिलाओं को पोषण और देखभाल के लिए आर्थिक सहारा समय पर मिल सके।
मैदान स्तर पर व्यवहार परिवर्तन को केंद्र में रखते हुए डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर भ्रमण के दौरान गर्भवती महिलाओं को एनीमिया के जोखिम और बचाव के बारे में जागरूक करें—हरी सब्जियां, फल, गुड़ जैसे आयरन-समृद्ध आहार के नियमित सेवन पर जोर दें।
बैठक में उपायुक्त मनरेगा राजा राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, सभी सीडीपीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


