उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

45°C तक पहुंच सकता है पारा, प्रशासन ने जारी की हीट वेव एडवाइजरी

भदोही (संजय सिंह). भदोही जनपद में लगातार बढ़ते तापमान के बीच जिला प्रशासन ने लू (हीट स्ट्रोक) से बचाव के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बने तापमान के जल्द 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई गई है, जिससे जनस्वास्थ्य पर खतरा बढ़ गया है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार से मौसम में नरमी दिख रही है, लेकिन आगामी दो-तीन दिनों में इसका प्रभाव खत्म हो जाने की उम्मीद मौसम विज्ञानियों ने जताई है।

जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों के लिए सतर्कता निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में हीट स्ट्रोक का जोखिम तेजी से बढ़ रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि लू लगने पर शरीर का अत्यधिक गर्म और लाल हो जाना, त्वचा का सूख जाना, तेज नाड़ी चलना, सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी, थकान और पसीना कम या बंद हो जाना प्रमुख लक्षण हैं। इन संकेतों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, इसलिए तत्काल सतर्कता जरूरी है।

एडवाइजरी के तहत लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढककर रखें।

प्रशासन ने नागरिकों से अधिक मात्रा में पानी पीने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की है। नमक-चीनी का घोल (ओआरएस) या अन्य तरल पदार्थों का सेवन लाभकारी बताया गया है। साथ ही धूप में लंबे समय तक खड़े रहने या भारी श्रम करने से बचने की भी सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी अवश्य रखें और गर्म हवाओं के सीधे संपर्क से बचें। यदि किसी व्यक्ति में लू के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर ठंडा करें, शरीर पर ठंडा पानी डालें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें, ताकि भीषण गर्मी के दुष्प्रभाव से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button