वाहन चेकिंग के दौरान 700 रुपये लेने वाले पुलिसकर्मी सस्पेंड, भेजे गए लाइन
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). वाहन की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति से क्यूआर कोड के जरिए 700 रुपये लेने वाले तीन आरक्षियों को लाइन हाजिर करते हुए दो को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसकी जांच करवाई गई। उक्त वीडियो की जांच के उपरांत पृथ्वीगंज चौकी (थाना कोतवाली नगर) पर तैनात आरक्षी मनोज उपाध्याय, दुर्गाप्रसाद यादव और बालकिशुन को रुपया लेने के मामले में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस मामले की जांच क्षेत्राधिकारी रानीगंज को सौंपी गई है।
Also Read: रफ्तार का कहरः खड़े ट्रक में घुसे बाइक सवार, तीन घरों में पसरा मातम
Also Read: प्रतापगढ़ का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस, पांच डिग्री गिरा पारा
जांच के दौरान पता चला कि आरक्षी मनोज उपाध्याय और बालकिशुन के द्वारा एक व्यक्ति से अवैध रूप से पैसे की मांग की गई। ईमानदारी से कर्तव्य का निर्वहन नहीं करने वाले, पुलिस विभाग की गरिमा का दोषी पाए जाने पर प्रथम दृष्टया नियमावली 1991 के नियम 17(1)(क) के प्रावधानों के तहत आरक्षी मनोज उपाध्याय और बालकिशुन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ 14(1) की कार्रवाई की जा रही है।
अमरनाथ गुप्ता बने सीओ सदरः एसपी सतपाल अंतिल ने पुलिस उपाधीक्षक अमरनाथ गुप्ता को क्षेत्राधिकारी सदर के पद पर तैनात किया है। सीओ सदर सर्किल में जेठवारा, महेशगंज और बाघराय थाने आते हैं। बताते चलें कि अभी तक सीओ सदर रहे पवन कुमार त्रिवेदी का अन्यत्र स्थानांतरण हो गया था। उसके बाद सीओ सदर की कुर्सी खाली हो गई थी।
