आगे निकलने की होड़ में बेकाबू हुईं गाड़ियां, पांच लोगों की मौत
बांदा (the live ink desk). बुंदेलखंड के बांदा जनपद में गुरुवार भोर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग बारात में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। वापसी में दो गाड़ियों के बीच आगे निकलने की होड़ में स्थिति अनियंत्रित हो गई और दोनों गाड़ियों पेड़ से जा टकराईं। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी बांदा और एसपी बांदा मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया।
जानकारी के मुताबिक चिल्ला थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव से एक बारात समीपवर्ती जनपद चित्रकूट के राजापुर गई थी। बताया जाता है कि बारात में रात भर चले प्रोग्राम में शामिल होने के बाद कुल 11 बाराती दो गाड़ियों से वापस घर लौट रहे थे। भोर में तकरीबन चार बजे के आसपास बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के पपरेंदा रोड पर गेहूं गोदाम के पास बारातियों से भरी दोनों गाड़ियों (स्कार्पियो और बोलेरो) के चालक आगे निकलने की होड़ में थे। इसी दौरान दोनों गाड़ियों अनियंत्रित हो गईं और सड़क को छोड़ते हुए किनारे पेड़ से जा टकराईं।
Also Read: जनसेवा केंद्र संचालक से दिनदहाड़े 3.7 लाख की छिनैती
Also Read: घुइसरनाथ धाम में 28वां राष्ट्रीय एकता महोत्सव आज से
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों के जरिए हादसे की जानकारी मुकामी पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी और एसपी अभिनंदन भी मौके पर पहुंच गए और सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पांच बारातियों को मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि आधा दर्जन का जिला अस्पताल मेंइलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि दोनों गाड़ियों में कुल 11 लोग सवार थे। वाहन सवार सभी लोग नशे में थे। इसी दौरान आगे निकलने की होड़ में यह हादसा हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य छह की हालात सामान्य बताई जा रही है। सभी लोग पैलानी के निवासी बताए जा रहे हैं। शवों को चीरघर भेज दिया गया है।
फिलहाल दूसरी, जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मृतकों के घर पहुंची, कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पर पहुंच गए।



