भाई की ससुराल में पंखे के सहारे युवक ने लगाई फांसी, मामला संदिग्ध
भदोही (अनंत गुप्ता). जनपद के चौरी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। यह घटना मंगलवार देर रात की है। सूचना पर मुकामी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और शव को नीचे उतारकर चीरघर भेजा। मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस इस मामले संदिग्ध मानकर कई एंगल से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः जल्दबाजी या फिर लापरवाहीः NH पर चढ़ते समय लगी बस की टक्कर, चालक की मौत
यह भी पढ़ेंः उमेश पाल हत्याकांड अपडेटः सदाकत खान नहीं है हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का मेंबर
एसओ चौरी मनोज कुमार ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम बरदहा में युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बरदहा पहुंचकर छानबीन की। एसओ के मुताबिक कुंदन तिवारी (28) पुत्र स्व. शेषधर तिवारी (निवासी धनापुर, थाना चौरी) का शव उसके भाई की ससुराल में स्थित रसोईघर में पंखे के सहारे लटक रहा था। पुलिस टीम ने कुंदन तिवारी का शव नीचे उतारा और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
फील्ड यूनिट के द्वारा मौका मुआयना कर पूरे घर की तलाशी ली गई। पूछताछ में पता चला कि उस वक्त घर में एक महिला के अलावा कोई अन्य मौजूद नहीं था। परिवार के सभी लोग मुंबई में रहते हैं। वारदात की सूचना उसके परिजनों को भेज दी गई है। आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।
बताया जाता है कि मृतक कुंदन तिवारी का विवाह छह वर्ष पूर्व हुआ था। परिजनों के मुताबिक इन दिनों इसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं चल रही थी। परिजन इसका इलाज भी करवा रहे थे। बताया जाता है कि कुंदन तिवारी के भाई अजीत तिवारी की शादी बरदहा निवासी अमरेश दुबे की बेटी के साथ हुई थी। मंगलवार की रात कुंदन अपने कपसेठी स्थित लोहराडीह (ननिहाल) से चलकर अपने भाई की ससुराल ( बरदहा) गया था, जहां पहुंचने के बाद यह दरवाजा खोलवाकर सो गया। सुबह रसोईघर में कुंदन तिवारी का शव रसोईघर में पंखे के सहारे लटकता मिला। डिश टीवी में लगने वाली केबल से फांसी लगाई गई थी। गले की हड्डी भी टूट गई है। एसआई गिरिजाशंकर ने बताया कि शव को चीरघर भेजकर मामले की जांच की जा रही है। यह हत्या या फिर आत्महत्या है, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो पाएगी।
