गो आश्रय स्थलों को बनाएं छायादार, अंदर-बाहर लगवाएं पौधाः प्रेमप्रकाश
विशेष सचिव प्रेम प्रकाश सिंह ने निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों का किया स्थलीय सत्यापन
आश्रय स्थलों में हरा चारा, पानी, भूसा और पशुओं के इलाज का उचित इंतजाम करने का निर्देश
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). श्रम एवं सेवायोजन विभाग के विशेष सचिव व जिले के नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश सिंह ने गुरुवार को गोशालाओं का निरीक्षण कर पशुओं के रखरखाव की जानकारी ली। निराश्रित गोवंश का शत-प्रतिशत संरक्षण किए जाने का निर्देश देते हुए नोडल अदिकारी प्रेम प्रकाश सिंह ने अस्थायी गोवंश आश्रम मसूधी (अभोली) सहित आनंदडीह, कस्तूरीपुर, गोसंरक्षण केंद्र बैदाखास एवं अन्य गोशालाओं का मुआयना सीवीओ डा. राजेश उपाध्याय के साथ किया। भ्रमण के दौरान नोडल अधिकारी ने केंद्र संचालकों और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की और इलाके में छुट्टा पशुओं की भी जानकारी हासिल की।
नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश सिंह ने गोवंश की वास्तविक संख्या एवं सुर्पुगी में दिए गए गोवंश की संख्या का अभिलेखो से मिलान किया। गोशालाओं में पानी, चारा एवं समुचित चिकित्सकीय सुविधाओं का स्थलीय मुआयना किया। बजट की आवश्यकता एवं गोवंश संरक्षण के संबंध में लंबित भुगतान जैसे मामलों में अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए संबंधित से पूछताछ भी की। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यदि कोई आवारा पशु सड़क अथवा खेत में घूमते पाए जाते हैं तो उसके समाधान के लिए पशु चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने अस्थायी गोवंश आश्रम मसूधी का अवलोकन कराते हुए बताया कि यहां पशुओं के लिए सभी प्रकार के प्रबंध किए गए हैं। कोई भी गोवंश अस्वस्थ नहीं है।
निराश्रित/बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए निर्माणाधीन गो संरक्षण केंद्रों के संबंध में, मुख्यमंत्री की निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के तहत चारा-पानी की उपलब्धता, शेड की व्यवस्था, पशुओं के इलाज, संख्या इत्यादि से जुड़ी सभी जानकारियों नोडल अधिकारी ने ली और सभी मामलों से जुड़े दस्तावेजों का मुआयना किया। ईयर टैगिंग, बधियाकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए नोडल अधिकारी प्रेमप्रकाश सिंह ने गोवंश के संरक्षण के प्रति जनमानस की सहभागिता पर भी चर्चा की। नोडल अधिकारी ने कहा, गोआश्रय स्थलों पर भूसा, गायों की उपस्थिति, चारा, सूपूर्दगी, चिकित्सा पंजिका का रजिस्टर हमेशा दुरुस्त रख जाए।
| गौर समाज के संरक्षक का सड़क हादसे में निधन, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर |
| भदोही में 31 मई तक प्रभावी रहेगी धारा 144, भीड़ का हिस्सा नहीं बनने की अपील |

विशेष सचिव प्रेम प्रकाश सिंह ने भदोही के विभिन्न आश्रय स्थलों में संरक्षित मवेशियों के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित कराने अतिरिक्त शेड बनाने, मजदूरों का समय से भुगतान करने, जनमानस को भूसा दान के लिए प्रेरित करने, पेयजल टंकी की नियमित सफाई और पूरी व्यवस्था को लेकर ग्रामसभा स्तर पर नियमित बैठक करवाने का आदेश दिया। इसके अलावा आश्रय स्थलों में अंदर व बाहर की तरफ पौधरोपण करवाने, आश्रय स्थल को छायादार बनाने की हिदायत दी।


