गर्मी के मद्देनजर बदला जाए स्कूलों का समय, शैक्षिक महासंघ ने सौंपा ज्ञापन
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). शिक्षक समस्याओं के निस्तारण के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सुरियावां के प्रतिनिधि मंडल ने बीईओ को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे अध्यक्ष राजीव रतन के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी सुरियावां को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया।
शिक्षकों ने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए विद्यालय समय में परिवर्तन की मांग जोर-शोर से रखी गई। शिक्षकों के एक दिन के कटे हुए वेतन की बहाली के लिए शीघ्र ही समाधान दिवस रखने की मांग की गई। शिक्षकों के सभी प्रकार के एरियर के भुगतान के तत्काल व्यवस्था के लिए मांगपत्र सौंपा गया। पिछले वित्तीय वर्ष में शून्य आयकर कटौती वाले अध्यापकों के अग्रिम आयकर की कटौती को बंद करने अथवा कम करने के लिए मांगपत्र सौंपा गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को सभी समस्याओं को शीघ्र ही निस्तारित करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक अध्यक्ष राजीव रतन यादव, महामंत्री देवेंद्र कुमार मिश्र, ब्लॉक संरक्षक अनिल कुमार यादव, कोषाध्यक्ष विजय सिंह, संगठन मंत्री राजेश कुमार गौतम, जिला संयुक्त मंत्री देवेंद्र विश्वास सहित तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।


