रुपया नहीं देने पर युवक ने मौसेरे भाई को गोली से उड़ाया
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). उदयपुर (Udaipur) थाना क्षेत्र के कुंभीआइमा (पूरे ईश्वरी) में सोमवार की शाम एक युवक ने अपने ही मौसेरे भाई की गोली मारकर हत्या (Murder) कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकाल। घायल को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने जवाब दे दिया। वारदात की सूचना मिलने पर मुकामी पुलिस मौके पर पहुंच गई और आगे के विधिक कार्यवाही शुरू की।
जानकारी के मुताबिक उदयपुर थाना क्षेत्र के कुंभीआइमा का रहने वाला सत्यप्रकाश सिंह (42) रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात के अहमदाबाद में रहता है। बताया जाता है कि सत्यप्रकाश के भतीजे दुर्गेश पुत्र जयप्रकाश सिंह की मंगलवार को बारात जानी है। सत्यप्रकाश सिंह इसी शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। सोमवार की शाम सत्यप्रकाश के मौसेरे भाई ओमप्रकाश सिंह ने सत्यप्रकाश से 10 हजार रुपये की डिमांड की। इस पर सत्यप्रकाश ने बाद में रुपये देने की बात कही।
बताया जाता है कि सत्यप्रकाश के द्वारा विवाह के बाद रुपया देने की बात सुनकर ओमप्रकाश आपेसे बाहर हो गया और झगड़ने लगा। इस दौरान परिवार के सदस्य जब तक दोनों के बीच आकर हस्तक्षेप कर पाते, इससे पहले ही ओमप्रकाश ने तमंचे से सत्यप्रकाश को गोली मार दी। सीने में गोली लगते ही सत्यप्रकाश लुढ़क गया। घायल सत्यप्रकाश को लेकर परिजन सीएचसी सांगीपुर पहुंचे, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित करदिया। सूचना मिलते ही उदयपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की। इस हत्याकांड से शादी-विवाह वाले घर में मंगलगीतों कीजगह घरवालों के रोने-चीखने की आवाजें सुनाई पड़ रही हैं।
