निकाय चुनावः मतदान कर्मियों को मिली निर्वाचन किट, दर्जनभर रहे गैरहाजिर
सीडीओ की मौजूदगी में पीठासीन अधिकारियों व अन्य को समझाई गई जिम्मेदारी
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार को सेंट थामस स्कूल, ज्ञानपुर में पीठासीन व मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। दो पालियों में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में 640 जिम्मेदारों को शामिल होना था, लेकिन दर्जनभर लोग गैरहाजिर रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीडीओ यशवंत कुमार सिंह ने मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान करवाने की सीख दी। कहा कि ड्यूटी पर सभी लोग समय से पहुंचे। निर्वाचन संबंधी कार्यों को गंभीरता से लें। बूथ पर अधिक संख्या में भीड़ न लगने पाए। निर्वाचन की गाइड लाइन का पालन किया जाए। बूथ में अंदर दो लोग ही रहें। अमिट स्याही इस तरीके से लगाई जाए, जिससे वह मिट न सके।
| Madhya Pradesh: मुरैना में एक ही परिवार के छह लोगों की गोली मारकर हत्या |
| चौरी पुलिस के हत्थे चढ़ा जिला बदर अभियुक्त |
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मतदान कार्मिकों को निर्देश दिया गया कि मतदान से एक दिन पूर्व पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के समय समस्त मतदान कार्मिक समय से उपस्थित रहें। प्रपत्र 25 में बताई गई 84 प्रकार की मतदान सामग्रियों को प्राप्त कर उसकी एक बार चेकिंग करें। डीडीओ ज्ञान प्रकाश ने मतदान कार्मिकों को सावधानियां, क्या करना है और क्या नहीं, इसके बारे में अवगत कराया।
प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी राजाराम ने पूरे मतदान की प्रक्रिया समझाई। एजेंट्स कैसे बनाए जाएंगे, मतदाता की पहचान के लिए कौन-कौन से पहचान पत्र मान्य हैं। इसके अलावा चैलेंज वोट, टेंडर वोट एवं अशक्त लोगों के साथ किस प्रकार से साथी उपलब्ध कराया जाएगा, उसकी भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रथम पाली में 320 कार्मिक के सापेक्ष 314 कार्मिक उपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में 320 कार्मिक के सापेक्ष छह कार्मिक अनुपस्थित रहे।
सीडीओ ने कहा कि गैरहाजिर कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। ट्रेनर राकेश कुमार सिंह एवं मास्टर ट्रेनर्स के सभी मतदान अधिकारी/कार्मिकों को निर्वाचन सामग्री किट प्रपत्र, स्टेशनरी युक्त थैला वितरित किया गया।


