होमगार्ड भर्ती परीक्षा: Bhadohi में छह केंद्रों पर परीक्षा देंगे 14,976 अभ्यर्थी

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र पहुंच लिया तैयारियों का जायजा
भदोही (संजय सिंह). होमगार्ड भर्ती परीक्षा (25–27 अप्रैल) को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा, निगरानी और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज और विभूति नारायण इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर समेत केंद्रों का जायजा लिया। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा की गई और सभी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार, जनपद में कुल आधा दर्जन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा तीन दिन, दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली: 10:00–12:00 बजे तक और द्वितीय पाली: 15:00–17:00 बजे होगी।
अभ्यर्थियों की संख्या के लिहाज से हर पाली में 2,496, प्रतिदिन 4,992 और तीन दिनों में कुल 14,976 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

डीएम ने सीटिंग प्लान, साफ-सफाई, पेयजल व अन्य सुविधाओं को मानक के अनुरूप रखने के निर्देश दिए, जबकि एसपी ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को समयपालन, प्रवेश प्रबंधन और शासन की गाइडलाइन के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि नकल, अफवाह या किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तत्काल कार्रवाई हो सके।



