UP Board Result: हाईस्कूल में 90.42% और इंटर में 80.38% परीक्षार्थी उत्तीर्ण

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए। हाईस्कूल में 90.42% और इंटरमीडिएट में 80.38% छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण रहे। मेरिट सूची में सीतापुर का दबदबा रहा—हाईस्कूल में कशिश वर्मा और इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
परिणाम की घोषणा माध्यमिक शिक्षा निदेशक-सभापति डॉ. महेन्द्र देव और बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बोर्ड मुख्यालय पर की। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच 8,033 केंद्रों पर आयोजित हुई थीं। इस वर्ष कुल 53,37,773 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें हाईस्कूल में 26,01,381 और इंटर में 24,86,072 अभ्यर्थी शामिल हुए।
मूल्यांकन प्रक्रिया 18 मार्च से 4 अप्रैल के बीच 254 केंद्रों पर संपन्न कराई गई। हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन 92,594 परीक्षकों ने किया, जबकि इंटरमीडिएट में 55,973 परीक्षकों ने दो चरणों में मूल्यांकन पूरा किया।
हाईस्कूल वर्ग में 13,43,524 बालक और 12,57,857 बालिकाएं परीक्षा में शामिल हुईं। इनमें से 11,72,862 बालक और 11,79,319 बालिकाएं उत्तीर्ण रहीं। पास प्रतिशत में बालक 87.30% और बालिकाएं 93.76% रही, जिससे बालिकाओं का प्रदर्शन बेहतर रहा।
इंटरमीडिएट में कुल 24,86,072 परीक्षार्थियों में 13,09,397 बालक और 11,76,675 बालिकाएं शामिल थीं। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.04% और बालिकाओं का 86.32% दर्ज किया गया, जो यहां भी लड़कियों की बेहतर सफलता को दर्शाता है।



One Comment