UP Board Result 2026: इंटर में शिखा, हाईस्कूल में कशिश और अंशिका टापर्स

टॉप थ्री रैंकिंग में बेटियों का जलवा, 11 टॉपर्स में दस छात्राएं
प्रयागराज/लखनऊ (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष दोनों परीक्षाओं में 52 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनके नतीजे अब आधिकारिक वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।
छात्र अपने परिणाम https://upmsp.edu.in/ और digilocker.gov.in पर देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए रोल नंबर दर्ज करना अनिवार्य है, जिसके बाद विषयवार अंक और कुल प्रतिशत स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाते हैं। ऑनलाइन मार्कशीट को प्रोविजनल माना जाएगा, जबकि मूल अंकपत्र बाद में स्कूलों से प्राप्त होंगे।
बोर्ड द्वारा जारी रिजल्ट के अनुसार, 10वीं और 12वीं—दोनों वर्गों में टॉप स्थान सीतापुर जिले के छात्रों ने हासिल किया। हाईस्कूल (10वीं) में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने संयुक्त रूप से 97.83% अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह 97.5 फीसदी अंक के साथ अदिति (द नेशन एकेडमी इंटर कालेज, जैदपुर, बाराबंकी) दूसरे स्थान पर रहीं।
इसी तरह 97.33 प्रतिशत अंक के साथ सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है।
इंटरमीडिएट (12वीं) में शिखा वर्मा ने 97.60% अंकों के साथ टॉप किया। शिखा वर्मा बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज, सीतापुर की छात्रा हैं। इसी तरह 97.2 फीसदी अंक के साथ नंदिनी गुप्ता (सर्वोदय जनकल्याण इंटर कालेज खेरा, बरेली) और श्रेया वर्मा (महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इंटर कालेज बाराबंकी) ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इंटरमीडिएट में तीसरे स्थान के लिए दो छात्राओं ने बाजी मारी है। सर्वोदय जनकल्याण इंटर कालेज खेरा, बरेली की सुरभि यादव और महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इंटर कालेज बाराबंकी की पूजा पाल ने संयुक्त रूप से 97 फीसदी अंक प्राप्त किया है।
यूपी बोर्ड देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में शामिल है, जहां हर वर्ष करोड़ों उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाता है। इस बार भी परिणाम समयबद्ध और डिजिटल माध्यम से जारी किए गए, जिससे छात्रों को उच्च शिक्षा में प्रवेश प्रक्रिया में तेजी मिलेगी।


