CBSE Result 2023: जान देने की क्या जरूरत थी कुणाल, नंबर ही तो कम आए थे!
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). परीक्षा परिणाम में नंबर ही तो कम आए थे। अगर फेल भी हो जाते तो कोई गम नहीं था। सफलता पाने के लिए हताशा-निराशा जैसे शब्दों से कोसों दूर रहना चाहिए। पर, आज कल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग इतने अकेले और निराश होते जा रहे हैं कि वह सही-गलत का फैसला भी नहीं कर पाते। यह भी नहीं सोच पाते कि क्या मेरे लिए गलत होगा और क्या सही।
बहरहाल, शुक्रवार को CBSE Board Exam में मनचाहा नंबर नहीं मिलने से निराशा से एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक सिर्फ इसलिए निराश और हताश था, क्योंकि परीक्षा परिणाम (CBSE Result 2023) में उसके नंबर कम आए थे। मामले की जानकारी होने पर उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिर भी तसल्ली के लिए उसे अन्यत्र दूसरे डाक्टर के पास ले जाया गया है। यह पूरा मामला प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड में वाटर ट्रीटमेंट लैब में कार्यरत चीफ केमिस्ट डीडी पांडेय के बेटे का है।
| UP को मां और Mumbai को मासी का दर्जा देते हैं नॉर्थ इंडियंसः मनसे विधायक |
| टेंडर हार्ट्स इंग्लिश स्कूल की टॉपर बनीं श्रेया, इकोनामिक्स में मिले 100 फीसदी नंबर |
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) निवासी डीडी पांडेय प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के वाटर ट्रीटमेंट लैब में बतौर चीफ केमिस्ट कार्यरत हैं। उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा लखनऊ में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटे बेटे कुणाल पांडेय ने इस साल सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। पढ़ाई-लिखाई में होनहार कुणाल पांडेय एसएमसी का छात्र था। डीडी पांडेय अपनी पत्नी व छोटे बेटे के साथ पीपीजीसीएल में स्थित आवासीय परिसर में रहते हैं।
बताया जाता है कि आज सुबह डीडी पांडेय ड्यूटी पर थे। आज बेटे कुणाल पांडेय का सीबीएसई बोर्ड (CBSE) का 12वीं का परिणाम आया। बताया जाता है कि वह अच्छे नंबरों से पास था, लेकिन मनचाहा नंबर नहीं मिला था। इससे वह उदास हो गया। इधर, किसी कार्य से कुणाल की मां शंकरगढ़ बाजार चली गईं। इसके बाद कुणाल पांडेय घर पर अकेला रह गया और हताशा में उसने कमरा अंदर से बंद कर पंखे के सहारे फांसी लगा ली। उक्त मामले की जानकारी तब हुई, जब मां घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
| CBSE Result 2023: 12वीं में 87.33 प्रतिशत बच्चे सफल, प्रयागराज रीजन सबसे फिसड्डी |
| गिरफ्तारी को गई पुलिस टीम पर हमला, महिलाओं के घेरने पर बैरंग लौटी पुलिस |
आनन-फानन में कुणाल को फांसी के फंदे से उतारकर पीपीजीसीएल में स्थित हास्पिटल में ले जाया गया, जहां एमओ ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। फिर भी तसल्ली के लिए उसे अन्यत्र हास्पिटल ले जाया गया है। इस मामले में एसओ शंकरगढ़ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। CBSE परीक्षा परिणाम में कम नंबर आने से युवक दुखी था और इसी वजह से उसने फांसी लगा ली।

एक अन्य छात्र ने नये पुल से लगाई छलांगः दूसरी तरफ सीबीएसई परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद एक अन्य छात्र ने यमुना नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक छात्र चित्रकूट जनपद का रहने वाला है। बताया जाता है कि आज परिणाम घोषित होने के बाद उसे पता चला कि वह फेल हो गया है। इसके बाद वह यमुना नदी के नये पुल पर पहुंचा और ऊपर मौजूद सुरक्षा कर्मियों सेबचते हुए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि संयोग अच्छा था और नीचे मौजूद मल्लाहों ने उसे तत्काल पानी से निकाल लिया और उसकी जान बच गई। इसके बाद मामले की सूचना पर कीडगंज पुलिस पहुंच गई और छात्र के परिजनों को सूचित किया गया।



