पहाड़ी कला जांच को पहुंचे डीपीओ के सामने चले लात-घूंसे, वादी समेत कई घायल
ग्रामसभा पहाड़ी कला के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए की गई थी शिकायत
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनापार के विकास खंड शंकरगढ़ में गुरुवार की शाम जिला कार्यक्रम अधिकारी के सामने दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। दरअसल, यह पूरा मामला पहाड़ीकला में करवाए गए विकास कार्यों की जांच से संबंधित है। मामले में पहाड़ीकला निवासी प्रवीण सिंह ने ग्राम प्रधान के द्वारा करवाए गए कार्य़ों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। इस मामले की पहली शिकायत वर्ष 2022 में की गई थी।
जिलाधिकारी द्वारा जांच के लिए कई बार निर्देशित किया गया था, लेकिन मातहत अफसरों ने जांच की जहमत नहीं उठाई तो वादी प्रवीण सिंह ने हाईकोर्ट की शरण ले ली। इसके बाद हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद जिलाधिकारी ने बीते 12 जून, 2023 को डीपीओ को सप्ताहभर के अंदर जांचकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया था।
| संबंधित खबर- डीपीओ को दस माह तक नहीं मिली जांच की फुरसतः डीएम ने दी हफ्तेभर की मोहलत |

इसी आदेश के तहत गुरुवार की शाम को जांच करने के लिए पहाड़ीकला पहुंचे थे। शिकायतकर्ता प्रवीण सिंह का आरोप है कि आज डीपीओ के द्वारा पार्क की जांच की जा रही थ। इसी दौरान कुछ लोगों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक हमलावर ने लाठी से सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे प्रवीण सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
विवाद बढ़ता देख समीप खड़े प्रवीण सिंह के चाचा आत्माप्रसाद सिंह बीचबचाव के लिए दौड़े तो आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया और जमकर मारपीट की। बहरहाल, विवाद के बीच जांच करने गए डीपीओ मौके से खिसक लिए। बाद में प्रवीण सिंह पटेल थाने पहुंचे और शंकरगढ़ थाने में तहरीर दी। एसओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।

