अपहरण के मामले में दो महिला समेत तीन अभियुक्त गिरफ्तार
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). अपहरण के मामले में रानीगंज पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रानीगंज थाने के सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि धारा 363, 366, 370, 328, 120बी में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। एसआई ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार मिश्र पुत्र अमृतलाल मिश्र, मंगला मिश्रा पत्नी मनोज कुमार मिश्र और सविता देवी पत्नी राकेश मिश्र (निवासीगण जयरामपुर, रानीगंज) को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी में महिला आरक्षी अर्चना वर्मा, सारिका शर्मा समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।

दूसरी तरफ चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। अंतू थाने के उप निरीक्षक मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि आज वह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग पर थे। इसी दौरान मां चंद्रिकन धाम तिराहा, अर्जुनपुर मोड़ के पास से तनुज शुक्ल पुत्र गंगाप्रसाद शुक्ल (निवासी ग्राम छाछा दला का पुरवा, संग्रामपुर, अमेठी) को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि यह मोटर साइकिल चोरी की है। पकड़े जाने के डर से नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था। उक्त चोरी की मोटर साइकिल बरामदगी के संबंध में थाना अंतू में अभियुक्त के विरूद्ध धारा 411, 419, 420, 465, 471 का केस दर्ज किया गया है।
