ताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

IAS विशाल सिंह की अपील- जब भी मौका मिले, पानी की हर बूंद बचाएं

16 जुलाई से चलाए जा रहे भूजल सप्ताह का शपथ के साथ समापन

भदोही (संजय सिंह). जल अमूल्य है। एक-एक बूंद मिलाकर सरोवर को भरा जा सकता है। इसलिए जहां भी संभव हो, मौका दिखे, पानी को बचाएं। इसी संदेश के साथ 16 जुलाई से चलाए जा रहे भूजल सप्ताह का सोमवार को समापन कर दिया गया।

तहसील औराई के सभागार में आयोजित समापन कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल सिंह ने सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी विशाल सिंह ने कहा, भूजल को संरक्षित रखने के लिए हम सभी एकजुट हों, अपनी दिनचर्या में पानी का संयमित उपयोग करें और भूगर्भ जल के अंधाधुंध दोहन से बचें। बरसात के पानी का सदुपयोग करें। घर पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाएं। ताकि आने वाली पीढ़ी भी जल का उपयोग कर सके।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं जनमानस को भू-जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए ‘जन-जन तक जल पहुंचाना है, जल संरक्षण अपनाना है’ के केंद्रीय भाव पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक डा. मीनाक्षी कात्यायन ने सभी पुलिस कर्मियों को जीवन में जल के महत्व को समझाते हुए जल संरक्षण के व्यावहारिक व प्रभावी तरीकों पर बल दिया। सीडीओ डा. शिवाकांत द्विवेदी ने जल की बचत व संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी को जल के अपव्यय को रोकना होगा। जल संरक्षण के लिए सोकपिट, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग, परंपरागत जल टैंक, तालाब-पोखर, चौकडैम, वृक्षारोपण, ड्रिप ऐरिगेशन एवं मिनी स्प्रिंकलर आदि तरीकों पर बल देना होगा, ताकि भूगर्भ का जलस्तर बढ़ाया जा सके।

लघु सिंचाई सहायक अभियंता ने भूजल सप्ताह की उपयोगिता व प्रसांगिकता पर बल देते हुए जल संरक्षण के विविध तरीकों को अपनाने पर बल दिया। वाटर लेवल ठीक बना रहे, इसके लिए अधिक से अधिक जल संरक्षण/संचयन के कार्य कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि भूजल सप्ताह को -कैच द रैनः जहां भी जब भी संभव हो वर्षा के जल को संग्रहीत करें, थीम के साथ प्रारंभ किया गया है।

भूजल सप्ताह के क्रम में स्कूलों में प्रभातफेरी, पद यात्रा निकाली गई। बच्चों ने स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। ग्राम पंचायतों, विकास खंड व तहसील स्तर पर नुक्कड़ नाटक, कठपुतली, मोटरसाइकिल रैली एवं गोष्ठियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सीएमओ डा.संतोष कुमार चक, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज आर्य, एसडीएम औराई बरखा सिंह, सीओ औराई चमन सिंह चावड़ा, उप निदेशक कृषि डा. अश्वनी कुमार सिंह, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह,डीआईओ पंकज कुमार, तहसीलदार सुनील कुमार मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button