
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले, हाथ में तिरंगा लेकर जनपद के सभी थानों से पुलिस कर्मियों के द्वारा तिरंगा पद यात्रा निकाली गई। शहर से लेकर ग्रामीणांचल (यमुनानगर, गंगानगर और शहरी क्षेत्र) तक प्रत्येक कस्बाई बाजारों में पुलिस कर्मियों ने तिरंगा लेकर भ्रमण किया।
पुलिस की इस पैदल तिरंगा यात्रा में स्थानीय व्यापारी, आमजन, बच्चे और छात्र-छात्राएं भी शामिल हुईं। यमुनानगर के कोरांव, मेजा, मांडा, शंकरगढ़, कौंधियारा, घूरपुर, नैनी, औद्योगिक क्षेत्र, शंकरगढ़ और बारा थाना क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई।



बारा क्षेत्र में एसीपी संतलाल सरोज, थाना प्रभारी शंकरगढ़ ओमप्रकाश समेत स्थानीय प्रभारियों के द्वारा तिरंगा लेकर पैदल मार्च किया गया। कोतवाली नगर में निकली तिरंगा यात्रा का अगुवाई एसीपी मनोज कुमार सिंह ने की। इस यात्रा में कोतवाली इंचार्ज रोहित तिवारी, प्रभारी इंचार्ज विनय कुमार सिंह, खुल्दाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार वर्मा समेत सभी थानों के पुलिस कर्मी शामिल हुए।
यह यात्रा खुल्दाबाद थाना से निकलकर मरकरी चौराहा, गुरुद्वारा, नखासकोहना, कोतवाली, बजाज पट्टी, चौक जॉनसेनगंज, लीडर रोड, स्टेशन होते हुए खुल्दाबाद थाने पर समाप्त हुई।
इसी कड़ी में पुलिस लाइन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए बुधवार को हाफ मैराथन (पांच किलोमीटर, पुरुष वर्ग) का आयोजन किया गया। हाफ मैराथन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने तिरंगे झंडे के साथ इसमें सहभागिता की।


