रात दरवाजा खटखटाकर घुसे बदमाशों ने दो लाख रुपये लूटा
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई बदमाशों की हरकत
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). यमुनापार के मांडा थाना क्षेत्र के मुरलीपुर कस्बे (ग्राम पंचायत बरहा कला) में बीती रात सन्नाटा पसर चुका था। ज्यादातर लोग सो चुके थे या फिर अपने घरों में सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान बाजार में दवा की दुकान चलाने वाले के दरवाजे पर बदमाशों ने दस्तक दी। बहाने से दरवाजा खुलवाया और अंदर घुसते ही तमंचा सटा दिया। तमंचे के बट से हमला करने के बाद आलमारी में रखा दो लाख रुपया लूट लिया और भाग निकले।
यह भी पढ़ेंः PET: 15 केंद्रों पर होगी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा
आरोपित है कि जाते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। बदमाशों के चले जाने भुक्तभोगी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के नदिया जनपद के निवासी डा. राजीव विश्वास पुत्र चितरंजन विश्वास मांडा का मुरलीपुर कस्बे में मेडिकल और टेलीकाम की दुकान चलाते हैं। गुरुवार की रात तीन नकाबपोश बदमाश उनकी दुकान पर पहुंचे और अंदर दाखिल हुए। इससे पहले कि डा. विश्वास कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचा सटाकर बट से हमला करने के बाद आलमारी में रखी नगदी लेकर भाग निकले।
यह भी पढ़ेंः शायरों ने पढ़े नबी ए करीम की शान में क़सीदे
देर रात हुई इस घटना के बाद की गई फायरिंग से आसपास के लोगों की नींद खुल गई। भुक्तभोगी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। मौके पर आई पुलिस ने बदमाशों के भागने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
पुलिस डा. विश्वास की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधारपर बदमाशों का सुराग लगा रही है। मांडा पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की छानबीन की जा रही है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।