नाली की सफाई कर रहे व्यक्ति पर पड़ोसन ने किया हमला, मौत
हमलावर महिला अपने बेटे के साथ फरार, चीरघर भेजा गया शव
जौनपुर (गौरव मिश्र). सुजानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सर्वेमऊ में आज पड़ोस की महिला के द्वारा किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हत्यारोपी महिला मृतक की पट्टीदार बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने बेटे के साथ भाग निकली। दूसरी तरफ वारदात की सूचना पर आई मुकामी पुलिस शव को कब्जे में लेकर चीरघर भेजा और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
बताया जाता है कि महिला ने व्यक्ति के प्राइवेट पार्ट पर पैर से प्रहार किया था, जिससे वह गंभीर रूप सेचोटिल हो गए। परिजन उन्हे अस्पताल ले गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। डाक्टर द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव लेकर घर चले आए और पुलिस को खबर की।
यह भी पढ़ेंः कुख्यात हिस्ट्रीशीटर संतोष और राजकुमार की पांच करोड़ की संपत्ति कुर्क
सर्वेमऊ गांव के रहने वाले सत्य प्रकाश शुक्ल शुक्रवार को प्रथम पहर अपने घर के आसपास की सफाई कर रहे थे। सफाई के दौरान वह नाली साफ करने पहुंच गए। सत्यप्रकाश शुक्ल के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस की एक महिला वहां पहुंची और तकरार करने लगी। जब सत्यप्रकाश शुक्ल ने अनर्गल तकरार का विरोध किया तो महिला ने सत्यप्रकाश शुक्ल के प्राइवेट पार्ट पर जोरदार हमला बोल दिया।
यह भी पढ़ेंः मेजा पहाड़ी पर विस्फोट में दो जख्मी, एसएसपी ने किया मौका मुआयना
गलत जगह पर चोट लगते ही सत्यप्रकाश वहीं गिर पड़े और बेहोश हो गए। जानकारी होते ही परिजन सत्यप्रकाश को लेकर नजदीक के अस्पताल सीएचसी सुजानगंज पहुंचे, जहां डाक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन घटना की खबर पुलिस को देते हुए शव लेकर घर वापस लौट गए। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक घटना को अंजाम देने वाली महिला अपने बेटे के साथ मौके से फरार हो चुकी थी। पुलिस ने अभियुक्ता की तलाश शुरू कर दी है।
