
भदोही (संजय सिंह). भदोही पुलिस ने मनबढ़ व पेशेवर नौ अपराधियों को जिला बदर घोषित किया है। यह कार्रवाई गुंडा एक्ट के तहत की गई है। आरोपियों पर मारपीट, धमकी, छेड़खानी, दुष्कर्म, हत्या के प्रयास, शस्त्र और शराब तस्करी जैसे संगीन आरोप हैं।
एसपी डा. मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि जिले की कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। जनपद के थाना गोपीगंज में छह, औराई में दो और सुरियावां में एक पेशेवर अपराधी को गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया गया है।
जिलाबदर किए गए अभियुक्तों पर आमजन के साथ मारपीट, गाली-गलौच, धमकी, छेड़खानी, दुष्कर्म, हत्या के प्रयास व अवैध शराब व शस्त्र तस्करी करने के मामले दर्ज हैं। जिला बदर किए गए अभियुक्तों में कपूर चंद्र यादव पुत्र गया प्रसाद (निवासी चंद्रपुरा डोमनपुर, गोपीगंज), रामकुमार यादव पुत्र हुबनारायण यादव (चंद्रपुरा डोमनपुर), सूरज बिंद पुत्र सुरेश कुमार (भगतपट्टी विरनई, गोपीगंज), असलम पुत्र जिलानी शाह (सराय जगदीश, गोपीगंज), सत्यनारायण यादव पुत्र पन्नालाल यादव (चंद्रपुरा डोमनपुर) और विकास यादव उर्फ बीकू यादव पुत्र लल्लू उर्फ विजय यादव (कस्बा गोपीगंज) शामिल हैं।
इसी तरह रिंकू बिंद पुत्र धर्मराज उर्फ पंडित (निवासी बारी, सुरियावां), अमर बिंद पुत्र राजा बिंद (निवासी ठेघीपुर, औराई) और अख्तर अली पुत्र हैदर अली (निवासी वार्ड नंबर 13, घोसिया, औराई) को भी गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिला बदर किया गया है।

