पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह का करीबी 35 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार

झांसी। जमीन विवाद, मारपीट, रंगदारी और लूट के गंभीर आरोपों में फरार चल रहे पूर्व सपा विधायक दीप नारायण सिंह यादव के बेहद करीबी अशोक गोस्वामी को पुलिस ने सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से 35 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, अशोक गोस्वामी यह रकम फरार पूर्व विधायक तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं दीप नारायण सिंह की तलाश में कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
20 नवंबर को मोंठ थाना क्षेत्र में प्रेम सिंह पालीवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 नवंबर को पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह अपने साथियों के साथ गांव बमरौली पहुंचे और स्कूल के पास की जमीन अपने नाम न करने पर उन पर हमला किया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने उनसे मारपीट की और 32 हजार रुपये छीन लिए। इतने से भी मन नहीं भरा तो 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद मामले में लूट, रंगदारी और जानलेवा धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
स्वाट टीम और मोंठ थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार को पुलिस ने अशोक गोस्वामी को पकड़ा।
बरामदगी में 8 हजार रुपये उसकी तलाशी से मिला, जबकि 35 लाख रुपये उसकी ग्रैंड विटारा गाड़ी से, जो एक थैले में रखे थे, से बरामद हुए। पुलिस का दावा है कि यह रकम पूर्व विधायक तक पहुंचाई जानी थी।



