पुलिसिया पहरे में चूकः मेडिकल कॉलेज से घायल इनामिया फरार

लापरवाही पर दरोगा समेत चार सिपाही निलंबित
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जिले में पुलिस अभिरक्षा की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुठभेड़ में घायल होकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश बुधवार तड़के पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने एक दारोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पट्टी कोतवाली क्षेत्र के उड़ैयाडीह बाजार में सात वर्षीय बालिका से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित अभियुक्त जावेद को मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया था, जिसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जावेद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बुधवार तड़के करीब चार बजे, जब अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मी कथित तौर पर सतर्कता में चूक गए, उसी दौरान बदमाश पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई और तत्काल स्तर पर जांच शुरू कराई गई।
एसपी दीपक भूकर ने लापरवाही बरतने के आरोप में घना चौकी प्रभारी कमलेश कुमार के साथ ही आरक्षी अशोक कुमार, विनोद सिंह और गुलशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

