प्रयागराज में महिला की गोली मारकर हत्या
करेली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात, इलाके में दहशत
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के करेली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मुकामी पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अर्शिया खातून (50) पत्नी मुस्ताक, निवासी अकबरपुर, करेली के रूप में हुई है। हत्या की वारदात काली माई मंदिर के समीप अंजाम दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
दामाद से विवाद हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का अपने दामाद इरफान से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की प्रमुख वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद करेली और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
आरोपित की तलाश में दबिश
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार से तहरीर लेकर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि हत्या को अंजाम देने वाले संदिग्ध की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

