जिस मंदिर में लिए सात फेरे, उसी में ली अंतिम सांस!

सीतापुर में 21 दिन पहले प्रेम विवाह करने वाले नवदंपति का शव पेड़ से लटका मिला
लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जिस मंदिर में सात दिसंबर को दोनों ने प्रेम विवाह किया था, उसी मंदिर परिसर में लगे पेड़ से उनका शव लटका मिला। शादी को महज 21 दिन ही बीते थे।
लहरपुर थाना क्षेत्र के अनियापुर गांव स्थित मंदिर परिसर में रविवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटके दो शव देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बस्ती पुरवा निवासी खुशीराम (22) और मोहिनी (20) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और सात दिसंबर को इसी मंदिर में विवाह किया था। घटना के बाद से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है और परिजन फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
गांव में चर्चा का विषय यही है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर किसी साजिश के तहत दो जिंदगियों को खत्म किया गया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में परिजन इस विवाह से खुश नहीं थे, हालांकि शादी के बाद उन्होंने दोनों को आशीर्वाद दे दिया था।
सीओ सदर ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के एंगल को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। दोनों शवों के पैर जमीन को छू रहे थे, जिसे भी जांच का अहम बिंदु माना जा रहा है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले को लेकर पूरे इलाके में गहरी चर्चा और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।


