अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

PRAYAGRAJ: मैत्री क्रिकेट मैच में DM-11 ने DRM-11 को हराया

माघ मेला-2026 की तैयारियों के बीच खेल के माध्यम से मजबूत हुआ समन्वय

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला-2026 को लेकर प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सामंजस्य को मजबूत करने के उद्देश्य से डीएसए ग्राउंड में डीएम-11 और डीआरएम-11 टीमों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में डीएम-11 की टीम ने डीआरएम-11 को 7 रनों से पराजित कर जीत दर्ज की।

मैत्री मैच का शुभारंभ मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन अवसर पर अधिकारियों में उत्साह और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

डीएम-11 ने खड़ा किया 116 रनों का लक्ष्य

टॉस जीतकर डीआरएम-11 टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। 15-15 ओवरों के इस मुकाबले में डीएम-11 टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 116 रन बनाए। टीम की ओर से मेलाधिकारी श्री ऋषिराज ने 29 गेंदों पर सर्वाधिक 31 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में भी योगदान देते हुए 3 ओवरों में 18 रन देकर एक विकेट लिया।

डीएम-11 की पारी की शुरुआत जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा और इमरान ने की, जबकि नगर आयुक्त श्री सीलम सांई तेजा ने 14 रनों का अहम योगदान दिया।

लक्ष्य के करीब पहुंचकर चूकी डीआरएम-11

116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीआरएम-11 टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन 15 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 109 रन ही बना सकी। टीम की ओर से श्री आकाश श्रीनेत्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।

डीएम-11 की जीत में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा की किफायती गेंदबाजी अहम साबित हुई। उन्होंने 2 ओवरों में मात्र 7 रन देकर विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा। इसी संतुलित प्रदर्शन के चलते डीएम-11 टीम ने 7 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मेलाधिकारी ऋषिराज बने प्लेयर ऑफ द मैच

मैच के समापन पर खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मेलाधिकारी श्री ऋषिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरे मुकाबले के दौरान प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों में उत्साह और खेल भावना का विशेष माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर डीआरएम श्री रजनीश अग्रवाल, प्रो. अंकिता राज सहित प्रशासनिक और रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। मैत्री मैच ने माघ मेला-2026 की तैयारियों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय को और मजबूत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button