पारदर्शिता से चित्रों में आती है जान : चित्रकार विजय बिस्वाल

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). मशहूर वाटर कलर चित्रकार बिजय बिस्वाल ने करेली स्थित ख़ानम आर्ट गैलरी में सुंदर रेल का चित्र बनाकर सभी को प्रभावित किया। उन्होंने मात्र डेढ़ घंटे में यह पेंटिंग तैयार की, जिसे देखकर कला विद्यार्थियों, नए कलाकारों और मौजूद लोगों ने खूब सराहना की और तालियां बजाईं।
ख़ानम आर्ट गैलरी में आयोजित वाटर कलर वर्कशॉप में चित्रकार बिजय बिस्वाल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गैलरी की निदेशक डॉ. जाहेदा ख़ानम ने उन्हें शाल, बुके और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।


पेंटिंग डेमोंस्ट्रेशन के दौरान बिजय बिस्वाल ने कला विद्यार्थियों को वाटर कलर की तकनीक के बारे में सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने बताया कि वाटर कलर की खास पहचान उसकी पारदर्शिता, हल्के और गहरे रंगों का संतुलन तथा सही वैल्यूज़ होती हैं, जो चित्रों को जीवंत बनाती हैं। रंगों के सही मेल से पेंटिंग और भी सुंदर दिखाई देती है।
इस अवसर पर ललित कला अकादमी के सदस्य रवीन्द्र कुशवाहा, वरिष्ठ कलाकार तलत महमूद और कसीम फारूकी को भी पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजेंद्र भारती, नागेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, कावेरी विज, कविता श्रीवास्तव, अहमद अरहम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अंत में वरिष्ठ चित्रकार कसीम फारूकी ने बताया कि 30 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे पत्थर गिरजाघर पर खुले वातावरण में लाइव पेंटिंग डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।



One Comment