अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

कीमती सामान निकाल ई-रिक्शा छोड़कर भाग निकले चोर, इरादतगंज से हुआ था चोरी

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). इरादतगंज बाजार से चोरी हुए ई-रिक्शा को आखिरकार अमिलिया गांव के मार्ग पर लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया। हालांकि, चोर रिक्शा के कीमती पुर्जे निकाल ले गए, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मामले को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

घूरपुर थाना क्षेत्र के दुबना गांव निवासी सुनीता, पत्नी ओम प्रकाश पटेल, इरादतगंज बाजार में किराए के मकान में परिवार के साथ निवास करती हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन ई-रिक्शा था, जिसे करीब छह माह पहले डेढ़ लाख रुपये की लागत से खरीदा गया था। दिव्यांग ओम प्रकाश पटेल इसी ई-रिक्शा को चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

पीड़िता के अनुसार, मंगलवार की रात रोजाना की तरह ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ी की गई थी। रात करीब डेढ़ बजे तक रिक्शा वहीं मौजूद थी, लेकिन सुबह उठने पर वह गायब मिली। घटना से परिवार के होश उड़ गए और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने घूरपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश कैमरे बंद पाए गए, जिससे जांच में कठिनाई आई।

बुधवार की शाम ओम प्रकाश पटेल को सूचना मिली कि घूरपुर क्षेत्र के अमिलिया गांव के सूनसान रास्ते में एक ई-रिक्शा लावारिस हालत में खड़ी है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अपनी चोरी हुई ई-रिक्शा को पहचान लिया, लेकिन तब तक चोर उसके सभी महंगे उपकरण, पिछली दोनों चक्के, बैटरी, मोटर और अन्य पुर्जे निकाल चुके थे।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और चोरी में शामिल लोगों की तलाश जारी है। पीड़ित परिवार ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और नुकसान की भरपाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button