अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

माघ मेला को लेकर सीमाई इलाकों में सख्ती, चला चेकिंग अभियान

शंकरगढ़ बॉर्डर पर चेक की गई गाड़ियां, ACP ने किया मौके पर निरीक्षण

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेला के मद्देनज़र और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया। बॉर्डर पर दिन-रात जारी इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद दिखाई दिया।

अभियान की निगरानी स्वयं एसीपी बारा निकिता श्रीवास्तव ने की। उन्होंने मौके पर पहुंचकर चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस द्वारा बॉर्डर से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी शंकरगढ़ यशपाल सिंह ने बताया कि ओवरलोड वाहनों, बिना वैध कागजात चल रहे ट्रकों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों को तुरंत रोककर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शंकरगढ़ पुलिस ने अवैध पार्किंग पर भी की कार्रवाई

मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों और अनधिकृत पार्किंग को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अभियान के तहत ऐसे वाहनों को हटवाया जा रहा है, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कानून से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत

एसीपी निकिता श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा।

पुलिस की इस सख्ती से असामाजिक तत्वों में जहां खलबली मची हुई है, वहीं स्थानीय नागरिकों ने इसे माघ मेला और क्षेत्रीय सुरक्षा की दृष्टि से एक आवश्यक और सराहनीय कदम बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button