वर्षगांठ पर CLS Care & Cure अस्पताल में लगा हेल्थ कैंप, किया जागरुक

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ स्थित सीएलएस केयर एंड क्योर अस्पताल ने अपनी स्थापना की नवमी वर्षगांठ को जनसेवा के रूप में मनाते हुए व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। रानीगंज स्थित अस्पताल परिसर में लगे इस शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा आयोजित इस शिविर में शुगर, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, कमर के टेढ़ेपन सहित अन्य सामान्य एवं जटिल रोगों की जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें स्त्री रोग परामर्श, सामान्य प्रसव, सिजेरियन से जुड़ी चिकित्सकीय सलाह एवं उपचार शामिल रहा।
अस्पताल के संचालक डॉ. प्रमोद सिंह ने बताया कि वर्षगांठ के अवसर पर प्रतिवर्ष समाजहित में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 500 से अधिक लोगों ने शिविर में पंजीकरण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया, जो इस पहल की सार्थकता को दर्शाता है।
शिविर में डॉ. विमल सिंह, डॉ. नीतिका सिंह, डॉ. पिंकी सिंह, डॉ. गुरदीप प्रताप सिंह, डॉ. अनिल सिंह एवं डॉ. ए.के. शुक्ला सहित अन्य चिकित्सकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम की सफलता पर स्थानीय नागरिकों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।



