माघ मेले में जन आस्था और सम्मान का भी रखें पूरा ख्यालः एके शर्मा

मंत्री एके शर्मा ने की तैयारियों की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आयोजित बैठक में माघ मेला क्षेत्र की तैयारियों का निरीक्षण किया। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हों। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, बिजली, रैन बसेरे और अलाव व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
मंत्री शर्मा ने भीड़ प्रबंधन और स्पष्ट साइनेज की आवश्यकता पर विशेष ध्यान दिया ताकि श्रद्धालुओं को घाट, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसानी से पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मेला एवं त्योहारों में रेहड़ी-पटरी वालों की आजीविका का सम्मान करते हुए कहा कि उनके संचालन में अनावश्यक अतिक्रमण न किया जाए।

बैठक में मेलाधिकारी ऋषिराज ने मेला व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 से 18 जनवरी के बीच दो प्रमुख स्नान पर्व हैं और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत त्रिवेणी और गंगा अस्पतालों में एक्स-रे सुविधा उपलब्ध है, 80 एम्बुलेंस तैनात हैं और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह सक्रिय हैं।
एसपी मेला ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी, जिसमें ट्रैफिक कंट्रोल, अग्निशमन और साइबर सुरक्षा शामिल हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित मेला अनुभव प्रदान किया जाए। बैठक के बाद मंत्री ने स्वयं आईसीसीसी का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्देश:
- साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, रैन बसेरे और अलाव व्यवस्था दुरुस्त रखें।
- भीड़ प्रबंधन और स्पष्ट साइनेज पर विशेष ध्यान दें।
- रेहड़ी-पटरी वालों की आजीविका का सम्मान करें।
- स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखें।
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता हो।




