माघ मेलाः शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर सर्विस ने की त्वरित कार्रवाई

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). माघ मेले के दौरान झूँसी थाना क्षेत्र के सेक्टर–05 स्थित श्री राम नाम एवं मानव प्रचार संघ के परिसर में विद्युत आपूर्ति में अचानक लाइट फ्लक्चुएशन के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना की जानकारी शाम 5:45 बजे फायर सर्विस को मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पास में ड्यूटी पर तैनात दो-पहिया फायर वाहन तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद मात्र दो मिनट में फायर सर्विस के कुल छह वाहन मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया।
इस आगजनी में दो छोलदारियाँ क्षतिग्रस्त हुईं। किसी भी प्रकार की जनहानि या अन्य संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। फायर सर्विस की तेज और प्रभावी कार्रवाई से आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया और स्थिति नियंत्रण में आ गई।
माघ मेले के आयोजकों और फायर सर्विस अधिकारियों ने आग की घटना को समय पर नियंत्रित करने के लिए टीमवर्क और तत्परता की सराहना की। यह घटना दर्शाती है कि आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया कितनी महत्वपूर्ण होती है।


