अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत

दो सगे भाइयों सहित चार मासूम लापता होने के बाद मृत मिले, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अहमदपुर पावन गंगा इलाके में मंगलवार से लापता चार बच्चों के शव उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक तालाब में मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एक साथ चार बच्चों की मौत से गांव में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।

मंगलवार शाम से थे लापता

मृत बच्चों की पहचान हुसैनपुर पावन गांव निवासी प्रदीप सोनकर के दो पुत्र प्रतीक सोनकर (12 वर्ष) और प्रिंस सोनकर (10 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके साथ पड़ोसी प्रियांशु सोनकर (11 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय संदीप सोनकर, तथा राजेश सोनकर का 19 वर्षीय पुत्र करन सोनकर भी शामिल हैं। चारों बच्चे मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक घर से लापता हो गए थे।

तालाब में मिले चारों शव

परिजनों और ग्रामीणों की तलाश के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को गांव से बाहर स्थित एक तालाब में चारों बच्चों के शव मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में डूबने की आशंका

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चों की मौत तालाब में डूबने से प्रतीत हो रही है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button