
प्रधानमंत्री ने असम को दी रेल और सड़क कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात
The live ink desk. देश में आधुनिक रेल नेटवर्क के विस्तार की कड़ी में बंगाल में स्लीपर वंदे भारत के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम को भी बड़ी सौगात दी है। दो दिवसीय असम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने नागांव जिले के कालियाबोर में दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी।
करीब 6,950 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग-715 के कालियाबोर-नुमालीगढ़ खंड के चार लेन विस्तार का हिस्सा है। यह परियोजना विशेष रूप से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि काजीरंगा से होकर गुजरने वाला 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर मानसून के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेगा। लगभग 86 किलोमीटर लंबी पूरी परियोजना में एलिवेटेड कॉरिडोर के साथ-साथ 21 किलोमीटर का बाईपास और मौजूदा एनएच-715 के करीब 30 किलोमीटर हिस्से को चार लेन में विकसित किया जाएगा।
यह कॉरिडोर नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगा, जिससे ऊपरी असम के डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जैसे क्षेत्रों का सड़क संपर्क बेहतर होगा। परियोजना से मानव-वन्यजीव संघर्ष में कमी, सड़क सुरक्षा में सुधार और यात्रा समय घटने की उम्मीद जताई जा रही है। जाखलबंधा और बोकाखाट में प्रस्तावित बाईपास से शहरी इलाकों में यातायात दबाव भी कम होगा।
रेल क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी (कामाख्या)-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस को रवाना किया। इन ट्रेनों के शुरू होने से पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी और यात्रियों को किफायती व सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, राज्य सरकार के मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


One Comment