अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

सूबे में मौसम का बदला मिजाज, 22 जनवरी से बारिश के आसार

तापमान में हल्की गिरावट, ठंड से मिली राहत

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा में आए बदलाव और आसमान साफ रहने से पश्चिमी एवं मध्यवर्ती क्षेत्रों में ठंड बढ़ी है, जो अगले 24 घंटे तक बनी रहने की संभावना है। वहीं पूर्वांचल में तापमान में क्रमिक गिरावट के बावजूद यह सामान्य के आसपास या उससे ऊपर बना रह सकता है। कोहरे में कमी आने से लोगों को फिलहाल ठंड से राहत महसूस होगी।

22 जनवरी से शुरू होगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी की देर रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा की शुरुआत होने की संभावना है। 23 जनवरी को यह वर्षा पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैलते हुए व्यापक रूप ले सकती है।

24 जनवरी के बाद बारिश में कमी

24 जनवरी को बारिश की तीव्रता में कमी आने के संकेत हैं, जबकि 25 जनवरी से प्रदेश में मौसम के शुष्क हो जाने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में पुनः 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड से राहत बनी रहेगी।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा

हालांकि 24 से 26 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में दोबारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। इसके बाद 26 जनवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में फिर से वर्षा का दौर शुरू होने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

तापमान सामान्य से अधिक रहने के संकेत

आगामी एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान में मामूली और क्रमिक गिरावट संभव है, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से ऊपर ही बने रहने के संकेत मिल रहे हैं। कुल मिलाकर प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहने वाला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button