अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

Cold Storage Collapse: जांच के लिए कमेटी गठित, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में लखनऊ-प्रयागराज मार्ग किनारे स्थित एक कोल्ड स्टोरेज की छत ढहने (Cold Storage Collapse) के मामले में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच कमेटी का गठन कर दिया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि एडीएम (वित्त) की अध्यक्षता में गठित समिति को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

इस हादसे में चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने मृतकों और घायलों की पहचान कर ली है। मृतकों में मलाक हरहर (फाफामऊ) निवासी जगदीश (42), बिहार के सहरसा जिले के बलियर गांव निवासी ज्योतिष कुमार (22), गौरी पिपरा गांव निवासी सनोज उर्फ बिल्लर चौधरी (36) और बलियारी गांव निवासी मसिंदर कुमार (20) शामिल हैं।

घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर में भर्ती कार्तिक पटेल (3), वशिष्ठ नारायण (26), धर्मेंद्र पाल (42), रंजीत कुमार (22) और अमरजीत (20) की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय में भर्ती अमित चौधरी, आशु कुमार, मनकू, बृजेश कुमार, सिंकू यादव, पप्पू यादव और साहुल का इलाज जारी है।

जिलाधिकारी के अनुसार, हादसे के कारणों का स्पष्ट पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। प्रथम दृष्टया आशंका है कि कोल्ड स्टोरेज के भीतर कार्य के दौरान संरचनात्मक हिस्सा गिरने से अमोनिया गैस पाइप फट गया, जिसके बाद छत ढह गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है, जिसमें एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मलबा हटाने में जुटी हुई हैं।

उल्लेखनीय है कि संबंधित कोल्ड स्टोरेज समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button