इवेंटताज़ा खबरभारत

PM मोदी ने रचा इतिहासः CM पवन चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकार्ड को तोड़ा

भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार प्रमुख रहने वाले नेता बने प्रधानमंत्री Narendra Modi

नई दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा है कि नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख के रूप में कार्य करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने संदेश में कहा कि यह उपलब्धि सेवा, अनुशासन और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन अब 8,931 दिनों से अधिक का हो चुका है, जिसमें उनका कार्यकाल गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री दोनों पदों पर शामिल है।

शाह ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह लंबा कार्यकाल ‘राष्ट्र-प्रथम’ की नीति, प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति निरंतर समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में केंद्र सरकार ने सामाजिक कल्याण, बुनियादी ढांचे और वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति को मजबूत करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) का 24 वर्षों से अधिक का लगातार सार्वजनिक जीवन, बिना अवकाश के सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करता है। शाह के अनुसार, इसी निरंतरता और कार्यशैली के कारण जनता का विश्वास और समर्थन लगातार बढ़ा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की साख में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने इसे “एक युग परिवर्तनकारी नेतृत्व” करार दिया।

पवन कुमार चामलिंग भारतीय राजनीति के उन प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने सिक्किम में लंबे समय तक स्थिर शासन दिया। वर्ष 1994 से 2019 तक लगातार मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने करीब 25 वर्षों तक राज्य की बागडोर संभाली, जो देश में किसी भी मुख्यमंत्री का सबसे लंबा कार्यकाल माना जाता है। सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के संस्थापक चामलिंग अपने प्रशासनिक अनुभव, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास की नीतियों के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में सिक्किम ने पर्यटन, जैविक खेती और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button