Prayagraj: कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से 4 मजदूरों की मौत, 15 घायल

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर गांव में प्रयागराज-लखनऊ हाईवे किनारे स्थित एक कोल्ड स्टोरेज (Cold Storage Collapse) में बड़ा हादसा हो गया। सोमवार दोपहर अचानक तेज धमाके के साथ स्टोरेज की पूरी छत भरभराकर ढह गई। कई पिलर पर खड़ी इस छत के ढहने से नीचे रहे दर्जनभर से अधिक मजदूर उसी में दब गए। इस हादसे में आधिकारिक रूप से चार मजदूरों की मौत की जानकारी दी गई, जबकि 15 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के अनुसार, हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में मजदूर आलू का भंडारण कर रहे थे। इसी दौरान पूरी संरचना का एक हिस्सा ध्वस्त (Cold Storage Collapse) हो गया, जिससे अमोनिया गैस का पाइप फट गया और स्थिति और गंभीर हो गई। छत गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की मदद से मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पतालों में भर्ती कराया गया। राहत एवं बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा।
हादसे में मृतकों की पहचान ज्योतिष, जगदीश, मसिंदर और सनोज के रूप में हुई है, जिनमें कुछ मजदूर बिहार के सहरसा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में अमरजीत और एक बालक कार्तिक समेत अन्य लोग शामिल हैं, जिनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे के समय परिसर में करीब 120 लोग मौजूद थे। कोल्ड स्टोरेज आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। यह प्रतिष्ठान समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सभी संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया गया था और राहत कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के फाफामऊ में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। संवेदना व्यक्त करते हुए सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है, साथ ही घायलों के समुचित उपचार के लिए निर्देशित किया गया है।



2 Comments