अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

100 दिन से बढ़कर 125 दिन हुई रोजगार की गारंटीः अनुप्रिया पटेल

प्रयागराज में केंद्र सरकार की योजनाओं पर पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी शुरू

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रयागराज के मेजा तहसील स्थित पंडित कृपाशंकर तिवारी महाविद्यालय में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा ‘इंटीग्रेटेड कम्युनिकेशन एंड आउटरीच प्रोग्राम’ के तहत किया गया है।

प्रदर्शनी में ‘विकसित भारत’, ‘सेवा, सुशासन एवं समृद्धि’ और ‘गणतंत्र दिवस’ जैसे विषयों पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान व्याख्यान, गोष्ठियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी होंगी, जो 28 जनवरी 2026 तक चलेगी।

उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण रोजगार व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नए कानून के माध्यम से रोजगार की गारंटी अवधि को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किया है। उन्होंने कहा कि इसका मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाना और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना है।

एनडीए के कार्यकाल में हुई आर्थिक तरक्की

उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। देश तेजी से आर्थिक प्रगति की ओर बढ़ रहा है और बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है।

जन औषधि केंद्रों से मिल रहीं सस्ती दवाएं

केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना और जन औषधि केंद्रों के माध्यम से आम जनता को सुलभ और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी में शामिल होकर सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button