घूरपुर से निकली किसान यूनियन की ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, पुलिस ने रास्ते में रोका

प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). गणतंत्र दिवस के मौके पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के बैनर तले किसानों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा प्रयागराज जिला उपाध्यक्ष शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में घूरपुर से शुरू हुई, जिसमें सैकड़ों किसान तिरंगे से सजे ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए।
यात्रा का उद्देश्य जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचकर किसानों से जुड़ी लंबित और बुनियादी समस्याओं को उठाना था। आयोजकों के अनुसार, जिला प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखकर उनका शीघ्र समाधान कराने की योजना थी। हालांकि यात्रा आगे बढ़ने से पहले ही पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए काफिले को बीच रास्ते में रोक दिया।
ट्रैक्टरों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज और “जय जवान, जय किसान” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। अनुशासित ढंग से निकाली गई इस यात्रा में किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का प्रयास किया।
इस दौरान बारा तहसील अध्यक्ष सुशील कुमार यादव, पुष्पराज सिंह उर्फ राजू सिंह, सत्येंद्र सिंह, शुभम मिश्रा, मुन्नू यादव, चुन्नू यादव समेत बड़ी संख्या में किसान पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसान नेताओं ने कहा कि उनकी मांगें जनहित से जुड़ी हैं और प्रशासन को इन्हें गंभीरता से लेना चाहिए।




