
The live ink desk. महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार (Ajit Pawar) का बुधवार, 28 जनवरी 2026 को एक विमान हादसे में निधन हो गया। यह हादसा महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब विमान रनवे पर लैंड कर रहा था। इस हादसे में डीसीएम अजित पवार (Ajit Pawar) के साथ अजित पवार के साथ उनके अंगरक्षक विदीप जाधव, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली, पायलट कैप्टन सुमित कपूर तथा कैप्टन शांभवी पाठक शामिल हैं।
हादसे के बाद विमान आग की लपटों में घिर गया और बचाव दल को बचाने का भी मौका नहीं मिला। सोशल मीडिया पर शेयर की गई फोटो व वीडियो में हादसे की भयावहता का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।


नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA ने बताया कि विमान लियरजेट 45 (VT-SSK) बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के समय क्रैश हो गया। विमान में Ajit Pawar पवार समेत कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें एक पीएसओ, एक अटेंडेंट) और दो क्रू मेंबर शामिल थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जिंदा नहीं बचा है।
जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम अजित पवार जिला परिषद चुनावों के मद्देनजर बारामती में जनसभा को खिताब करने जा रहे थे। उन्हे चार जनसभाओं में भाग लेना था। विमान लियरजेट 45 (VT-SSK) ने मुंबई से बारामती के लिए उड़ान भरी थी। विमान जब बारामती में उतरने की प्रक्रिया में था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
यह बॉम्बार्डियर कंपनी का लियरजेट-45 श्रेणी का था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान पहले नीचे की ओर आता दिखा, फिर अचानक अनियंत्रित हो गया और रनवे से भटककर दूसरी तरफ चला गया। जमीन से टकराने के बाद उसमें तेज विस्फोट हुआ और आग लग गई।
राजनीति में दादा के नाम से थे लोकप्रिय
अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा में हुआ था। राजनीति में ‘दादा’ के नाम से लोकप्रिय अजित पवार अपनी स्पष्टवादिता और मजबूत प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 1982 में सहकारी क्षेत्र से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। बाद में वे बारामती विधानसभा क्षेत्र से लगातार कई बार विधायक चुने गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोक
अजित पवार के निधन से बारामती, पुणे और पूरे राज्य में शोक का माहौल है। उनके परिवार में पत्नी सुनेत्रा पवार तथा पुत्र पार्थ और जय हैं। महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे अधिक बार उपमुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी उनके नाम हैं। उनके निधन से महाराष्ट्र ने एक अनुभवी प्रशासक और जननेता को खो दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यना, नेता विपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी समेत अन्य पार्टियों ने अजित पवार के निधन पर शोक जताया है।
मैंने दमदार, दिलदार मित्र खोयाः फडणवीस
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, जमीन से जुड़े जननेता, मेरे मित्र और सहयोगी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना में निधन की खबर से मन व्यथित है। मैंने अपना एक दमदार और दिलदार मित्र खो दिया है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, जो कभी पूरी नहीं हो सकती। यह घटना महाराष्ट्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। मैं अजितदादा इनको भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस परिवार के दुःख में हम सब साथ है।



