अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

तिरंगे संग निकाली प्रभातफेरी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

प्रयागराज (आरके सिंह). करछना क्षेत्र स्थित एस.एल.बी. इंटर कॉलेज, चनैनी में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से परिपूर्ण कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक निर्मल सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके पश्चात उन्होंने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर विद्यालय से रवाना किया। प्रभात फेरी बेला चौराहा, करछना तिराहा, थाना–तहसील परिसर के सामने से गुजरते हुए साधु-कुटी चौराहे तक गई और पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों और सजीव झांकियों के माध्यम से आमजन का ध्यान आकर्षित किया।

प्रभात फेरी में भारत माता, सरस्वती माता, वीर सैनिकों का शौर्य, तथा आतंकवाद, देशद्रोह, घुसपैठ, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार जैसी सामाजिक बुराइयों पर आधारित प्रभावशाली झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों ने लोगों में देशप्रेम, जागरूकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को और सुदृढ़ किया।

रैली के समापन के बाद प्रबंधक निर्मल सिंह ने शहीदों की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। बच्चों की सशक्त अभिव्यक्ति और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन आचार्य इन्द्रजीत वर्मा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button