आयुष हत्याकांड: सीएम और कैबिनेट मंत्री से मिला पीड़ित परिवार

मुख्यमंत्री ने दिया हर संभव सहयोग का आश्वासन
प्रयागराज/चित्रकूट (आलोक गुप्ता). बरगढ़ के व्यापारी अशोक केसरवानी के 13 वर्षीय पुत्र आयुष की हत्या के बाद परिवार को न्याय दिलाने में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रदेश के केबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने दो दिन के भीतर वादा निभाते हुए पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलवाया और उनकी समस्या सामने रखी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवार से संवाद के दौरान गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक आरोपी का एनकाउंटर हो चुका है और बाकी दोषियों को भी बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी और पीड़ित परिवार को हर प्रकार से सुरक्षा व सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों बरगढ़ निवासी व्यापारी अशोक केसरवानी के पुत्र आयुष की जघन्य हत्या ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया था। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया और दूसरे आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
आज की मुलाकात में अशोक केसरवानी, उनकी पत्नी और बड़े पुत्र ने मुख्यमंत्री को घटना की विस्तार से जानकारी दी और वैश्य-व्यापारी समाज की भावनाओं और पीड़ा साझा की। मुख्यमंत्री योगी ने परिवार को विश्वास दिलाया कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी और प्रभावित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
परिवार ने सरकार की मंशा और पुलिस की तत्परता पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया और कहा कि उनकी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करना न्याय की प्रक्रिया को मजबूत करता है।



